बेरमो विधायक राजेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन

इंडियन माइंड डेस्क : छह बार बेरमो विधानसभा में विधायक एवं झारखण्ड सरकार में एक बार ऊर्जा मंत्री, एक बार स्वास्थ्य मंत्री रह चुके राजेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर आज 26 मई को दामोदर नदी घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गया। अत्‍येष्टि के पूर्व उनके ढोरी स्टाफ कॉलोनी से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा फुसरो ओवर ब्रिज, फुसरो बाजार, रामविलास हाईस्कूल होते हुए करगली में दामोदर नदी तट पहुंची।

श्रद्धाजंलि अर्पित करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित मत्री, विधायक, सांसद भी पूर्व मंत्री के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। झारखंड विधानसभा में भी दिवंगत को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री ने बेरमो विधायक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजेन्द्र सिंह मेरे अभिभावक थे। उनकी छाया में मैं बड़ा हुआ। सदैव उनका मार्गदर्शन मुझे प्राप्त होता रहा। उनका यूं चले जाना गहरा दुख दे गया। स्वास्थ्य मंत्री के रूप में इनका कार्यकाल मिल का पत्थर साबित हुआ है। उन्होंने एक लंबी लकीर खींची है। मुख्यमंत्री ने कहा राजेंद्र सिंह का सभी राजनीतिक दल के लोगों के साथ हमेशा अच्छा व्यवहार रहा। हमें उनके जीवनकाल से प्रेरणा लेने की जरूरत है।

श्रद्धाजंलि अर्पित करते पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन।

सीसीएल के सीएमडी गोपाल सिंह ने उनके निधन पर शोक जताया। उन्‍होंने कहा कि बेरमो विधायक एवं श्रमिक संघ के वरिष्ठ नेता स्व. राजेंद्र सिंह के निधन से पूरा सीसीएल परिवार आहत है। उनके निधन से न सिर्फ सीसीएल अपितु पूरे कोयलांचल ने एक सच्चा शुभचिंतक व मार्गदर्शक खो दिया है।

पिता राजेंद्र सिंह की अर्थी को कांधा देते पुत्र जयमंगल सिंह व कुमार गौरव।

कोयला कर्मियों के हित के लिए कार्य करने के साथ साथ उन्होंने उनकी सुरक्षा, समस्याओं तथा कंपनी के उत्तरोत्तर विकास के लिए निरन्तर सीसीएल प्रबंधन के साथ कार्य किया। सीसीएल के सतत विकास में उनका अतुलनीय योगदान रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *