रांची से विमान सेवा आज से शुरू, आने वालों को 14 दिन होम क्वारैंटाइन में रहना होगा

रांची/धनबाद/जमशेदपुरराज्य में अब तक 378 कोरोना संक्रमित मिले हैं। सोमवार से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से विमान सेवा भी शुरू हो गई। सुबह 11 बजे तक एयर एशिया की फ्लाइट बंगलुरू से रांची आई और फिर यहां से यात्रियों को लेकर बंगलुरू के लिए उड़ान भरी। वहीं इंडिगो की फ्लाइट दिल्ली से रांची और रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। वहीं रांची से मुंबई के लिए इंडिगो की फ्लाइट और रांची से दिल्ली के एयर इंडिया की फ्लाइट कैंसिल हो गई। बता दें कि दूसरे राज्यों से फ्लाइट के जरिए आने वाले यात्रियों को 14 दिन के होम क्वारैंटाइन में रहना होगा। जो पहले क्वारैंटाइन में रह चुके हैं, उनके लिए यह जरुरी नहीं होगा।

उधर, सोमवार को ईद के मौके पर रोजेदारों ने अपने-अपने घरों में नमाज अदा की। सोमवार से रांची से सात विमान उड़ान भरेंगे। एयरपोर्ट टर्मिनल के बाहर से विमान तक सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करने की तैयारी भी रविवार को पूरी हो गई। इसी बीच सरकार ने कहा कि विमान से आने वालों को होम क्वारैंटाइन किया जाएगा। रांची एयरपोर्ट से सोमवार को इंडिगो की रांची से दिल्ली के लिए दो फ्लाइट और रांची से मुंबई व हैदराबाद के लिए एक-एक फ्लाइट उड़ेगी। वहीं एअर इंडिया की रांची से दिल्ली और एयर एशिया की रांची से बेंगलुरू के लिए भी विमान सेवा शुरू होगी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के डायरेक्टर विनोद शर्मा ने बताया कि गो एयरवेज का दो विमान भी सोमवार से उड़ान भरेगा।

झारखंड आने वालों को 14 दिन होम क्वारैंटाइन में रहना होगा

विमान से आने वाले हर यात्री को 14 दिन होम क्वारैंटाइन में रहना होगा। जो 72 घंटे के भीतर लौटेंगे या पहले क्वारैंटाइन में रह चुके हैं, उनके लिए यह जरूरी नहीं। क्वारैंटाइन में रहने वालों में कोरोना का कोई लक्षण दिखा तो उन्हें तत्काल नजदीक के सरकारी अस्पताल को सूचित करना होगा। रांची एयरपोर्ट से अपने गंतव्य तक जाने के लिए यात्री को टैक्सी या निजी वाहन की व्यवस्था खुद करनी होगी। विमान कंपनियों को यात्रियों की सूची परिवहन सचिव को उपलब्ध करानी होगी। एयरपोर्ट पर समय बचाने के लिए आरोग्य सेतु एप फोन में रखना होगा। एप न होने पर एयरपोर्ट पर डिक्लेरेशन के लिए फार्म भरना होगा। वेब चेक इन होने से यात्रियों को सेफ्टी किट बोर्डिंग गेट पर दी जाएगी। उन्हें बोर्डिंग पास के साथ बैगेज टैग का प्रिंट घर से लाना होगा, क्योंकि एयरपोर्ट पर कांस्टैक्टलेस इंट्री होगी। अगर प्रिंट नहीं निकाल सकते हैं, तो पेन से पीएनआर नंबर और यात्री का नाम लिखकर सेलो टैप से बैग पर चिपकना होगा। फ्लाइट में खाना नहीं मिलेगा। पायलटों को डिस्टेंस लर्निंग ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत ट्रेनिंग दी जा रही है, जिससे उड़ान के दौरान पैसेंजर से दूरी बनाकर रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *