झारखण्ड :साहेबगंज छोड़ राज्य के 23 जिलों में पहुंचा कोरोना संक्रमण,कुल संख्या 409 पहुंची

रांची:  राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। साहेबगंज को छोड़ 23 जिलों में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। रांची के सिल्ली में एक साथ 10 मरीजों में काेरोना संक्रमण पाया गया। अब संक्रमित जिलों की सूची में खूंटी भी शामिल हो गया है। ऐसे में मंगलवार सुबह तक पूरे राज्य में 409 पॉजिटिव मरीजों की पहचान की जा चुकी है। वहीं, सीमित छूट के साथ लॉकडाउन में हार्डवेयर, स्टेशनरी व शराब की दुकानें खुल रही है। लोग अब पहले की तुलना में सड़कों पर ज्यादा नजर आ रहे हैं। पुलिस की सख्ती भी दिन में कम हुई है।

वहीं, लगातार मिल रहे कोरोना संक्रमण के नए मरीजाें के बीच एक अच्छी बात यह भी है कि बड़ी संख्या में मरीज कोरोना को 10 दिन के भीतर ही हराकर घर लौट रहे हैं। रांची के 126 में से 101 मरीज ठीक होकर घर पहुंच गए हैं। इनकी रिकवरी टाइम के एनालिसिस में यह बात सामने आई है कि 30% मरीज 10 दिनों के भीतर ही ठीक होकर घर पहुंचे हैं। जबकि 21% मरीज ही ऐसे हैं, जिन्हें कोरोना का मात देने में 15 दिन से ज्यादा का समय लग रहा है  इधर, राज्य में कोरोना संक्रमण के फैलाव की तुलना में टेस्टिंग की रफ्तार काफी कम है। टेस्टिंग के मामले में झारखंड देश में 24वें स्थान पर है। राज्य में प्रति 10 लाख की आबादी पर 123 टेस्ट किए जा रहे हैं। जिलावार बात करें तो स्थिति और भी चिंताजनक है। राज्य सरकार के अपने मानकों के मुताबिक प्रति 10 लाख की आबादी पर 200 से ज्यादा टेस्ट ही संतोषजनक आंकड़ा है। राज्य में सिर्फ 3 ही जिले ऐसे हैं जहां ये मानक पूरा हो रहा है। वहीं, यदि प्रति 10 लाख आबादी पर 65 से कम टेस्ट हो रहे हों तो स्थिति चिंताजनक मानी जाती है।

खूंटी में सिर्फ 339 सैंपल टेस्ट हुए
राज्य में 10 जिले ऐसे हैं जो अभी चिंताजनक स्थिति में हैं। इसमें 7 जिले तो ऐसे हैं जहां प्रति 10 लाख लोगों पर 50 टेस्ट भी नहीं हुए हैं। 9 जिले ऐसे हैं जहां 100 से ज्यादा टेस्ट हुए हैं, मगर 200 से कम हैं। छोटे जिलों की स्थिति ज्यादा खराब है। खूंटी जिले की आबादी छह लाख के करीब हैं। यहां सिर्फ 339 सैंपल टेस्ट हुए हैं। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार, गढ़वा, कोडरमा, सिमडेगा जैसे जिले नए हॉट स्पॉट हैं। इन जिलों में न सिर्फ मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, बल्कि प्रति 100 टेस्ट मरीज मिलने की दर भी ज्यादा है। गढ़वा में प्रति 100 टेस्ट 3.5 तो कोडरमा में 2.35 मरीज मिल रहे हैं। हजारीबाग में प्रति 100 टेस्ट 1.81 मरीज मिल रहे हैं।

शहरों से निकलकर गांवों तक पहुंचा कोरोनावायरस

राज्य के पहले हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित राजधानी रांची में अब भले कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ गई हो, मगर प्रवासी मजदूरों की घर वापसी के साथ ही राज्य में नए हॉट स्पॉट भी बन गए हैं। खास बात ये है कि अब कोरोना का संक्रमण शहरों से निकलकर गांवों तक पहुंच गया है। गढ़वा, लातेहार, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम जैसे जिलों में मामले काफी तेजी से बढ़े हैं। स्थिति ये है कि गढ़वा में हर 100 टेस्ट में 3.5 मरीज मिल रहे हैं। यानी यहां संक्रमण की सघनता ज्यादा है। जबकि पूर्वी सिंहभूम में हर 3 दिन में केस दोगुने हो रहे हैं। संक्रमण की इस तेज रफ्तार की वजह से पूरे राज्य की औसत डबलिंग रेट भी 14.7 दिन से घटकर 25 मई को 8.8 दिन पर आ गई है। यानी राज्य में अब 8.8 दिन में संक्रमण के केस डबल हो जा रहे हैं। राजधानी रांची में तो डबलिंग रेट अभी 47.8 दिन है, मगर लातेहार, कोडरमा, सिमडेगा और पूर्वी सिंहभूम में ये 4 दिन से भी कम है।

निजी स्कूलों से शिक्षा मंत्री 27 को फीस माफी पर करेंगे चर्चा
इधर, शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो बुधवार को निजी स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक करेंगे। लॉकडाउन अवधि की फीस माफी के संबंध में चर्चा होगी। मंत्री ने कहा कि प्राइवेट स्कूल वालों के साथ बैठक में उनकी समस्याओं से अवगत होने के बाद वे अभिभावक मंच के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद फीस को लेकर कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इन दोनों बैठकों के बाद बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की जाएगी, ताकि अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन दोनों पर अतिरिक्त भार न पड़े। गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री ने लॉकडाउन के बाद मार्च से ही फीस नहीं लेने का आग्रह निजी स्कूलों से कर रहे हैं। फीस निर्धारण करने के लिए कमेटी गठन की प्रक्रिया भी शुरू हुई लेकिन गठित नहीं हो सकी। जबकि कई स्कूल प्रबंधन अभिभावकों से फीस जमा करने का आग्रह कर रहा है।

कोरोना अपडेट्स

रांची: जिले में अब तक कोरोना पॉजिटिव के 126 केस सामने आए हैं। सोमवार को रांची के सिल्ली में 10 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। रांची के कुल मरीजों में से 101 स्वस्थ हो चुके हैं। 13 मई के बाद से हिंदपीढ़ी इलाके में कोई भी पॉजिटिव मरीज नहीं मिलना सुखद संकेत रहा है। यहां कुल 69 मरीजों में से 65 ठीक होकर वापस अपने घर लौट गए हैं। अब सिर्फ चार एक्टिव केस ही हैं।

गिरिडीहजिले में 17 कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हो चुकी है, जिसमें दो मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। अब तक जिले में जितने भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, सभी मुंबई या सूरत से आए थे। फिलहाल, जिले में 14  एक्टिव केस हैं

बोकारो: जिले में अब तक कोरोना पॉजिटिव के 17 केस सामने आए हैं। सोमवार को जिले में दो संदिग्ध की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। पहले 10 मामलों में से 9 स्वस्थ हो चुके हैं व एक मरीज की मौत हो चुकी है।

धनबादकोरोना संक्रमण के तीन नए केस मिलने के बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 10 हो गई है। इनमें दो मरीज पहले ही स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके हैं। जबकि, आठ मरीज कोविड-19 हॉस्पिटल में इलाजरत हैं।

पूर्वी सिंहभूमजिले में सोमवार को एक और कोरोना संक्रमित की पुष्टि हुई है। चाकुलिया स्थित ग्रामीण क्षेत्र में बने क्वारैंटाइन सेंटर में पिछले 14 मई से है। उक्त युवक महाराष्ट्र के भिवंडी से वापस लौटा था। महाराष्ट्र से लौटने के उसे क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया था। नए मरीज को टीएमएच के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया। नए मरीज के मिलने के बाद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 25 हो गई है।

पश्चिमी सिंहभूमजिले में अब तक 10 कोरोना संक्रमित मिले हैं। सोमवार को तीन नए संदिग्धों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। कोरोना की पुष्टि होने पर मरीज को कोविड 19 अस्पताल ले जाया गया है। तीनों नए संक्रमित क्वारैंटाइन सेंटर में थे।

सरायकेला खरसावां: जिले में चार कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। जिले में भी प्रवासी मजदूर के माध्यम से कोरोना की इंट्री हुई है। सभी मरीजों को सरायकेला जिले के दुगनी में क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया है।

गढ़वाजिले में अब तक 52 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। सोमवार को यहां दो नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। दोनों नए मरीजों की कॉन्टैक्ट डिटेल और ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। रविवार को तीन नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान की गई। कुल मरीजों में 49 एक्टिव मरीज हैं। तीन मरीज ठीक होकर घर चले गए हैं।

गुमलाजिले में कुल 11 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सोमवार को यहां एक नए कोरोना संक्रमित मिला है। इससे पहले शुक्रवार को सात नए मरीज मिले थे। सभी नए मरीज प्रवासी मजदूर हैं। सातों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया है। साथ ही मरीज के कॉन्टैक्ट में आए स्वास्थ्य कर्मियों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।

लोहरदगाजिले में अब तक दो कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दोनों प्रवासी मजदूर हैं। दोनों के लौटने के बाद उन्हें क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दोनों को कोविड-19 सेंटर में रखा गया है।

सिमडेगाजिले में कोरोना के कुल 10 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। इनमें दो संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सोमवार को तीन नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे पहले शनिवार को यहां चार नए कोरोना संक्रमित मिले थे।

लातेहारजिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 09 हो गई है। सोमवार को पांच नए मरीज मिले हैं। पांचों की कॉन्टैक्ट डिटेल और ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। इससे पहले चारों मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री दूसरे राज्यों से जुड़ी है। चारों मरीजों को कोविड-19 सेंटर में भर्ती कराया गया है।

कोडरमा: जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। रविवार को दो नए संदिग्धों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। शनिवार को 11 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से मरकच्चो के एक मरीज की मौत गत 21 मई को ही आइसोलेशन वार्ड में हो गई थी। यह मरीज मुंबई से ट्रक से मरकच्चो पहुंचा था। इसके बाद वह करीब सात दिनों तक मरकच्चो के क्वारैंइन सेंटर में रहा था। यहां से बाद में वह दो दिनों तक अपने घर में रहा था।

हजारीबागजिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 45 हो गई है, जिसमें तीन मरीज ठीक हो चुके हैं। रविवार को यहां चार नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिले में फिलहाल 41 केस एक्टिव हैं। सभी मरीजों को कोविड-19 सेंटर में भर्ती कराया गया है।

रामगढ़जिले में अब तक 11 संक्रमित व्यक्ति के मिले हैं। सोमवार को यहां दो नए संक्रमित मरीज मिले हैं। रविवार को भी तीन नए कोरोना के मरीज मिले। कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद जिला प्रसाशन और मेडिकल टीम पूरी तरह से अलर्ट हो चुकी है। गांव-गांव में सर्वे किया जा रहा है। इसके अलावे मेडिकल की टीम क्वारैंटाइन में रहने वाले संदिग्धों की सैंपल भी ले रही है।

चतराजिले में पहला कोरोना संक्रमित मरीज मिला है। मरीज को कोविड-19 सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। कोरोनावायरस मरीज मिलने के बाद जिला ग्रीन जोन से ऑरेंज जोन में आ गया है।

पाकुड़चारों नए मरीज शुक्रवार को सूरत से लौटे हैं। जांच के दौरान चारों को संदिग्ध पाया गया था जिसके बाद उन्हें क्वारैंटाइन सेंटर में रखा गया था। रविवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें लिट्टीपाड़ा के रिंची हॉस्पिटल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।

देवघरजिले में अब तक कोरोना के पांच केस आ चुके हैं। इनमें सभी स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वहीं एक मरीज को इलाज के लिए मां ललिता कोविड हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया है।

दुमका: दुमका कोरोना मुक्त हो गया है। जिले में 5 मई को दो मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। दोनों सरैयाहाट के रहने वाले थे। ये एक मई को गुड़गांव से लौटे थे। दोनों को जल्द हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई है।

गोड्डाजिले में अब तक एक कोरोना संक्रमित मरीज मिला है। मरीज के स्वस्थ्य हो जाने के बाद अस्पताल से उसकी छुट्टी कर दी गई है। जिले में अब एक भी कोरोना संक्रमण का मामला नहीं है।

जामताड़ा: जिले के दोनों कोरोना संक्रमित मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद दोनों को सोमवार को उदलबनी स्थित कोविड-19 अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

पलामूजिले में कोरोना के अब तक 16 केस मिले हैं। इनमें से 15 स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके हैं। जिले में सोमवार को एक नए संदिग्ध की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।

खूंटी: खूंटी जिले में पहला पॉजिटिव कर्रा प्रखंड की लरता पंचायत के एक गांव में मिला। वह 17 मई को मुंबई से कर्रा लौटा था। 21 मई को उसकी जांच के लिए सैंपल लिया गया था। उसे कर्रा प्रखंड के हाई स्कूल के क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद उसे एरेन्डा स्थित डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर लाया गया।

राज्य में कुल 409 संक्रमित: रांची के 126, गढ़वा के 52, बोकारो के 17, पलामू के 16, हजारीबाग के 45, धनबाद के 10, गिरिडीह के 16, सिमडेगा के 10, देवघर के 05, जामताड़ा के 02, दुमका के 02, कोडरमा के 28, गोड्डा के 01, पूर्वी सिंहभूम के 25, पश्चिमी सिंहभूम के 10, लातेहार के 09, रामगढ़ के 11, गुमला 11, लोहरदगा के 02, सरायकेला के 04, चतरा के 01, पाकुड़ के 04 और खूंटी के एक मरीज में कोरोनावायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है।
राज्य में अब तक 5 की मौतरांची में तीन, जबकि बोकारो व कोडरमा में एक-एक मरीज की मौत हो चुकी है।
राज्य में स्वस्थ्य हुए 170 मरीजरांची में 101, बोकारो में 09, पलामू में 15, धनबाद में 2, हजारीबाग में 3, देवघर में 5, गिरिडीह में 3, जामताड़ा में 2, सिमडेगा में 2, कोडरमा में 01, गढ़वा में 3, दुमका में 2, गोड्डा में एक मरीज स्वस्थ हो चुका है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *