संगठित समाज वह है जो गिरते को थाम ले : मंत्री सुदिव्य कुमार
झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज का शपथ ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह

सुनील मंथन शर्मा
रांची : झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज की ओर से विधानसभा सभागार रांची में बुधवार को शपथ ग्रहण सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के नगर विकास, पर्यटन, खेल-कूद, कला एवं संस्कृति मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू थे। प्रदेश अध्यक्ष विकास राणा की अध्यक्षता एवं महासचिव संतन शर्मा के संचालन में समारोह की शुरुआत भगवान श्री विश्वकर्मा की तस्वीर पर पुष्प अर्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

उसके बाद समाज के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मंत्री को सम्मानित करने के बाद जेपीएससी की परीक्षा में समाज के सफल अभ्यर्थियों में से गिरिडीह जिला के बिरनी प्रखंड के राहुल कुमार विश्वकर्मा, धनबाद जिला के बाघमारा प्रखंड की श्रुति सुमन, विष्णुगढ़ के रंजीत कुमार राणा, डीएसपी के पद पर प्रोन्नति पाए रूपेंद्र राणा, एमबीबीएस करने वाले सौरभ कुमार एवं 59 बार रक्तदान करने वाले पप्पू कुमार को शॉल ओढ़ाकर एवं शील्ड प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। समाज के प्रदेश, जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों के नाम प्रमाणपत्र भी सौंपे गए।

समाज की राजनीतिक भागीदारी भी जरूरी : मंत्री सुदिव्य कुमार
सम्मान समारोह के बाद मुख्य अतिथि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि संगठित समाज वह है जो गिरते को थाम ले और उसे नई दिशा दे। समाज के वैसे लोग जो किसी पद में हैं या कोई ओहदे में हैं, जिससे समाज को अपेक्षा है, उसे कुछ न कुछ समाज को अपना योगदान देना चाहिए। समाज की राजनीतिक भागीदारी भी जरूरी है और यह भागीदारी तभी संभव है, जब आप अपने लोगों को वार्ड सदस्य बनाएंगे। मुखिया, जिला परिषद बनाएंगे। विधानसभा के इस सभागार में आज जिस तरह से समाज के लोग एकजुट जमा हैं, प्रदेश अध्यक्ष विकास राणा की मेहनत ने रंग लाया है। आज यहां जेपीएससी में सफलता प्राप्त अभ्यर्थी बैठे हैं, जो गर्व महसूस करा रहे हैं।

प्रतिभा को सम्मानित करना गर्व की बात : विकास राणा
प्रदेश अध्यक्ष विकास राणा ने कहा कि हमारे समाज के लोग आगे बढ़े, इसका प्रयास करना होगा। आज हमलोग प्रतिभाओं को सम्मानित कर रहे हैं, जो गर्व की बात है।

इसके पहले समारोह को झारखंड के जिला के अध्यक्षों में से रांची के राजेश शर्मा, बोकारो के नुनुलाल विश्वकर्मा, रामगढ़ के गणेश राणा, हजारीबाग के जदू राणा, गुमला के लखन विश्वकर्मा, दुमका के गंगाधर शर्मा, धनबाद के देवराज शर्मा सहित अन्य कई जिलाध्यक्षों ने भी संबोधित किया।

हजारीबाग महिला जिलाध्यक्ष मनोरमा राणा ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में समिति का गठन होगा। चतरा के जिला परिषद सदस्य रविता देवी ने बच्चों को पढ़ाने पर जोर दिया। जमशेदपुर महिला जिलाध्यक्ष मीरा शर्मा ने कहा कि विश्वकर्मा समाज अपनी आवाज को बुलंद करें, ताकि समाज आगे बढ़ सके।

समारोह में गिरिडीह जिला से प्रदेश महासचिव देवनाथ राणा, संयुक्त सचिव दिनेश राणा व सुनील भूषण, जिलाध्यक्ष देवकी राणा, महासचिव सुनील राणा, कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद राणा, कार्यालय प्रभारी राजू राणा, सुनील मंथन शर्मा, प्रियंका शर्मा, मुकेश शर्मा, उर्मिला देवी, महेंद्र राणा, बगोदर से दुर्गा प्रसाद राणा, जमुआ से गौतम सागर राणा, प्रकाश राणा सहित अन्य कई लोग शामिल हुए।
