विश्वकर्मा धाम परिसर में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार की याद में पौधारोपण
— जिला कार्यालय अब सुदिव्य विश्वकर्मा धाम के नाम से जाना जाएगा
— आदमकद प्रतिमा लगाए जाने का भी रखा गया प्रस्ताव

गिरिडीह : झारखंड प्रदेश विश्वकर्मा समाज गिरिडीह के जिला कार्यालय में गुरुवार को दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया गया। मौके पर बारी-बारी से समाज के उपस्थित लोगों ने दिवंगत सोनू की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पहले विश्वकर्मा धाम परिसर में स्व. सोनू की याद में फलदार वृक्ष अमरूद का पौधारोपण किया गया। तत्पश्चात शोकसभा में प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद राणा ने कहा कि स्व. मंत्री सुदिव्य कुमार के विचारों को मरने नहीं दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष देवकी राणा ने कहा कि यह जिला कार्यालय विश्वकर्मा धाम मंत्री सुदिव्य कुमार की देन है। उनके ही प्रयास और मद से इसका निर्माण हुआ है इसलिए आज से इस धाम का नाम सुदिव्य विश्वकर्मा धाम रखा जाएगा। उपस्थित सभी लोगों ने इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मंत्री जी ने विश्वकर्मा मंदिर निर्माण में बढ़-चढ़कर सहयोग का आश्वासन दिया था और आज ही विश्वकर्मा पूजा के दिन शिलान्यास कराने की बात कही थी। लेकिन, नियति को कुछ और ही मंजूर था।

इसके पहले जिला सचिव रामेश्वर राणा ने विश्वकर्मा धाम में उनकी आदमकद प्रतिमा लगाए जाने का प्रस्ताव रखा। जिला सचिव जुगलाल राणा और शिवबालक राणा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मौके पर समाज के दर्जनों लोग उपस्थित थे।
