किसना मैराथन दौड़ के विजेताओं को पुरस्कार में मिला डायमंड ज्वेलरी
गिरिडीह में पहली बार ‘किसना डायमंड मैराथन’ का भव्य आयोजन
गिरिडीह : गिरिडीह के झंडा मैदान में ‘किसना डायमंड मैराथन’ का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन H.K. Group के संस्थापक एवं प्रसिद्ध उद्योगपति घनश्याम ढोलकिया के सौजन्य से संपन्न हुआ। गिरिडीह शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित इस मैराथन को लेकर नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
यह मैराथन 28 दिसंबर 2025 को सुबह 7 बजे प्रारंभ हुई, जिसमें 5 किलोमीटर की दौड़ को वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) मनीष तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें शहर के युवाओं, महिलाओं और खेल प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मैराथन के विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप डायमंड ज्वेलरी प्रदान की गई। यह आयोजन भारत सरकार की ‘स्वच्छ भारत’ एवं ‘स्वस्थ भारत’ पहल के अंतर्गत एक जन-जागरूकता अभियान के रूप में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
इस आयोजन की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि देश के 100 शहरों में एक साथ इस मैराथन का आयोजन किया गया, जिससे इसके गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होने की प्रबल संभावना बनी है। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन का हिस्सा बनना गिरिडीह शहर के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्तियों में मोहन बगड़िया, राजकुमार बर्नवाल, प्रकाश गोयनका, विकास कुमार, मनीष टारवे, सीए दीपक संथोलिया, अभिषेक जैन सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें, क्योंकि यह कार्यक्रम केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत की दिशा में एक मजबूत पहल है।


