Saturday, November 14, 2026
न्यूज़

सर जेसी बोस विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मना बाल दिवस

नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि, बच्चों के बीच बांटी गई चॉकलेट

गिरिडीह। सर जेसी बोस मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बालिका, गिरिडीह में 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सीसीए प्रभारी राकेश कुमार के विषय प्रवेश से हुई।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने नेहरू जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था। इसी कारण उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

प्राचार्य ने अपने संदेश में कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, रचनात्मकता और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का संचालन सीसीए प्रभारी राकेश कुमार ने किया।

इस मौके पर बालाजी, इंद्रदेव साव, पार्थ सारथी, गीता सिन्हा, संध्या संथालिया, डीओ मेहता, अमरेश कुमार एवं ललन रॉय सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन प्राचार्य द्वारा बच्चों के बीच चॉकलेट वितरण और बाल दिवस की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *