Friday, March 6, 2026
झारखंडन्यूज़

स्वास्थ्य सेवा प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार : मंत्री सुदिव्य

मोहनपुर में सेवा, संवेदना और संकल्प का संगम

— BOXA Trust के सौजन्य से सात दिवसीय नि:शुल्क नेत्र शिविर का भव्य शुभारंभ

गिरिडीह : सामाजिक दायित्व और जनसेवा की भावना को साकार करते हुए बोकारो ओल्ड जेवियरियंस एलुमनी ट्रस्ट (BOXA Trust) के तत्वावधान में टुंडी रोड स्थित श्री दुर्गा माता शिशु विद्या मंदिर, मोहनपुर में 30 अप्रैल से सात दिवसीय नि:शुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ हुआ।

ऑपरेशन वाहन का निरीक्षण करते नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार। साथ में हैं BOXA Trust के संस्थापक अरविंद चोपड़ा, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह व अन्य।

उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास, युवा एवं खेल, पर्यटन एवं उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दीप प्रज्ज्वलित के किया। साथ में गिरिडीह सिविल सर्जन एस मिश्रा, कार्यक्रम के प्रमुख संयोजक और BOXA Trust के संस्थापक अरविन्द चोपड़ा, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, सदर एसडीओ श्रीकांत यशवंत विसपुते, सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव आदि थे।

क्षेत्र प्रदूषण से प्रभावित है, इसलिए यहां के लोगों की आंखों का जांच और इलाज जरूरी : मंत्री

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा, मोतियाबिंद सर्जरी शिविर सफल रहा तो आगे भी शिविर लगाया जाएगा।

अपने उद्बोधन में मंत्री सुदिव्य कुमार ने BOXA Trust और शंकर नेत्रालय की इस संयुक्त पहल को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि, “स्वास्थ्य सेवा प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है, और जब समाज स्वयं आगे बढ़कर इसे साकार करता है, तो वह एक नई सामाजिक चेतना की शुरुआत होती है।” उन्होंने ऐसे शिविरों को समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचने वाला वास्तविक विकास करार दिया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्रदूषण से प्रभावित है। इसलिए यहां के लोगों की आंखों का जांच और इलाज जरूरी है। यह शिविर सफल हुआ तो आगे भी इस तरह के शिविर लगाए जाएंगे।
इस पुनीत कार्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा के गिरिडीह जिला अध्यक्ष श्री संजय सिंह का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। BOXA Trust ने उनके सक्रिय समर्थन और जनहित में समर्पण के लिए उनका आभार व्यक्त किया और उन्हें एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता के रूप में सराहा।

BOXA Trust केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन है : अरविंद चोपड़ा

शिविर को संबोधित करते BOXA Trust के संस्थापक अरविंद चोपड़ा। 

कार्यक्रम के प्रमुख संयोजक और BOXA Trust के संस्थापक अरविन्द चोपड़ा ने ट्रस्ट की सामाजिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि BOXA Trust केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन है — जो शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय है। उन्होंने बताया कि यह शिविर शंकर नेत्रालय के सहयोग से आयोजित किया गया है, ताकि दूरदराज़ के ग्रामीण अंचलों में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की नेत्र चिकित्सा सुलभ हो सके।

शंकर नेत्रालय का ऑपरेशन वाहन एवं BOXA Trust के पदाधिकारीगण शिविर को सफल बनाने के लिए तत्पर।

शंकर नेत्रालय के ट्रस्टी मेहर चंद लंका (St. Xavier’s School, Bokaro – 1977 बैच) इस सहयोग को सुनिश्चित करने में मुख्य सेतु रहे। BOXA Trust ने उनकी इस महत्त्वपूर्ण भूमिका के लिए गहन आभार व्यक्त किया।
इस शिविर को सफल बनाने में स्वर्णिम कांत और कार्तिक रामकृष्णन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उनके उदार सहयोग ने इस सेवा-यज्ञ को सम्भव बनाया। BOXA Trust ने उन्हें वैश्विक नागरिकता, संवेदना और मानवता के प्रतीक के रूप में सम्मानित करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान आने वाले सात दिनों में सैकड़ों लाभार्थियों की आधुनिक उपकरणों द्वारा नेत्र जांच की जाएगी। ज़रूरतमंदों को नि:शुल्क ऑपरेशन की सुविधा दी जाएगी तथा लाभार्थियों के बीच नि:शुल्क चश्मों का वितरण भी किया जाएगा। यह सेवा उन लोगों तक पहुँचाने का प्रयास है जिनके लिए यह सामान्यतः उपलब्ध नहीं हो पाती।

शिविर में आंखों की जांच सुव्यवस्थित तरीके से की जा रही है। पांच दिनों तक होगी जांच।

शिविर की सभी व्यवस्थाएं BOXA Trust के अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व में सम्पन्न हुईं। आयोजन में उपाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह, कोषाध्यक्ष अमरदीप तथा ट्रस्ट के समर्पित सदस्य अपूर्व, अनमोल, महेश शर्मा आदि की विशेष भूमिका रही, जिनकी मेहनत और सेवा भावना कार्यक्रम में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती रही।शंकर नेत्रालय की चिकित्सीय टीम, जिसमें डॉ. उज्ज्वल सिन्हा की विशिष्ट सहभागिता रही, अत्याधुनिक संसाधनों के साथ पूर्ण सेवा भाव से कार्यरत है। BOXA Trust ने उनके योगदान की विशेष प्रशंसा करते हुए उन्हें सेवा और समर्पण का प्रतीक बताया।

श्री दुर्गा माता शिशु विद्या मंदिर के प्रांगण में मोतियाबिंद जांच शिविर के उद्घाटन मौके पर उमड़ पड़ी थी भीड़। 

कार्यक्रम के समापन पर BOXA Trust के सभी उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी सेवा शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा। यह शिविर BOXA Trust की उस दूरदर्शिता और प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जो समाज के सबसे कमजोर वर्गों को दृष्टि, दिशा और दृष्टिकोण देने के लिए कृतसंकल्पित है।
मंच संचालन झामुमो पूर्वी भाग के नेता कोलेश्वर सोरेन कर रहे थे। मौके पर श्री दुर्गा माता शिशु विद्या मंदिर मोहनपुर के सचिव तुलो राणा, प्रधानाध्यापक भास्कर मिश्रा, रामेश्वर शर्मा, पूनम वर्मा सहित गांव के अन्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *