भारत विकास परिषद की राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता सम्पन्न
– जूनियर ग्रुप में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और सीनियर ग्रुप में श्री गुरुनानक विद्यालय टॉप पर रहे
गिरिडीह : भारत विकास परिषद, गिरिडीह शाखा की ओर से श्री गुरुनानक विद्यालय के सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता के पहले महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती मनाई गई। भारत माता, महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री एवं स्वामी विवेकानंद जी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। उसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की गई।
स्कूली बच्चों में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास हेतु आयोजित राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में जूनियर ग्रुप में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और सीनियर ग्रुप में श्री गुरुनानक विद्यालय टॉप पर रहे। दोनों टीम हजारीबाग में होने वाली प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। प्रतियोगिता के निर्णायक संगीतज्ञ अजय कुमार, रामकुमार सिन्हा और स्मिता कुमारी थे।
शाखा अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में एक गीत ‘हिंदी’ भाषा में और एक गीत ‘संस्कृत’ भाषा में गाया गया। यह गीत परिषद की स्वीकृत पुस्तिका ‘राष्ट्रीय चेतना के स्वर’ से लिए गए थे।
मौके पर संरक्षक उदय शंकर उपाध्याय, झारखंड उत्तर प्रांत के संपर्क प्रमुख देवेंद्र सिंह, शाखा अध्यक्ष अजय कुमार, सचिव राजीव सिन्हा, कोषाध्यक्ष रमेश सिन्हा, राजेंद्र सिंह पूंछिया, सावन कुमार, स्वप्ना कुमार, कुंवरजीत सिंह, भूपेंद्र सिंह, प्रदीप वर्णवाल, नयनदीप सिन्हा, अनिरुद्ध सिन्हा, देवराज आनंद, किरण वर्णवाल, अनिल चंद्रवंशी, उत्कर्ष सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।
