Wednesday, October 21, 2026
कोविड-19

कोरोना : पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 6977 नए मामले, 154 की मौत, संक्रमितों की संख्या 138845

नई दिल्ली : कोरोना वायरस से निपटने के लिए देश में पिछले दो महीने से लॉकडाउन जारी है। हालांकि, लॉकडाउन 4.0 के दौरान कई तरह की छूट दी गई है, लेकिन चिंता की बात यह है कि कोरोना संक्रमण के मामलों में और तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 6,977 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों कुल संख्या 1,38,845 पर पहुंच गई है। इस अवधि में 154 मरीजों की मौत हुई और मृतकों की संख्या बढ़कर 4,021 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।

मंत्रालय के बुलेटिन के मुताबिक फिलहाल देशभर में कुल 77,103 सक्रिय संक्रमितों का इलाज चल रहा है, 57,720 लोग ठीक हो चुके हैं और एक मरीज देश से बाहर चला गया। संक्रमण के कुल 1,38,845 मामलों में विदेशी मरीज भी शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अब तक 41.57 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हुए हैं। रविवार सुबह से लेकर अब तक हुई 154 मौतों में से, 58 महाराष्ट्र में, 30 दिल्ली में, 29 गुजरात में, नौ मध्य प्रदेश में, आठ तमिलनाडु में, छह उत्तर प्रदेश में, चार तेलंगाना में, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में तीन-तीन, बिहार में दो और पंजाब तथा उत्तराखंड में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। कुल 4,021 मृतकों में से सबसे अधिक 1,635 मौत महाराष्ट्र में हुई हैं। इसके बाद 858 गुजरात में, मध्य प्रदेश में 290, पश्चिम बंगाल में 272, दिल्ली में 261, राजस्थान में 163, उत्तर प्रदेश में 161, तमिलनाडु में 111 और आंध्र प्रदेश में 56 मौत हुई है। तेलंगाना में मृतक संख्या 53, कर्नाटक में 42 और पंजाब में 40 हो गई है।  जम्मू-कश्मीर में बीमारी के कारण 21 लोगों ने, हरियाणा में 16 जबकि बिहार में 13 और ओडिशा में सात लोगों ने जान गंवाई है। केरल, झारखंड और असम में अब तक चार-चार लोगों की मौत हुई है। चंडीगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कोरोना से तीन-तीन लोगों की जबकि मेघालय में अब तक एक व्यक्ति की मौत हुई है। मंत्रालय के वेबसाइट के डाटा के मुताबिक 70 प्रतिशत से अधिक मौतें अन्य गंभीर बीमारियों की वजह से हुई हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *