मुंबई से प्रवासी मजदूरों को लेकर आज पहुंचेगी श्रमिक स्पेशल ट्रेन

गिरिडीह : सरिया : मुंबई से झारखंड के 1400 प्रवासी मजदूरों को लेकर मजदूर स्पेशल ट्रेन सोमवार को हजारीबाग रोड स्टेशन पहुंचेगी। प्रशासनिक स्तर पर जोरशोर से तैयारी की जा रही है। रविवार को सरिया अनुमंडल सभागार में एसडीओ राम कुमार मंडल एवं एसडीपीओ विनोद कुमार महतो की अगुवाई में बैठक की गई। कहा गया कि हजारीबाग रोड स्टेशन पर पहुंचने वाली 24 डिब्बेवाली उक्त ट्रेन से लगभग 1400 प्रवासी मजदूर उतरेंगे। मजदूरों को उनके प्रखंड तक पहुंचाने की व्यवस्था पर रविवार को चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि सोमवार को सरिया बाजार में क‌र्फ्यू लगा रहेगा। आवश्यक सेवा की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें बंद रहेंगी। सभी स्थानीय लोग अपने घरों के अंदर रहेंगे। बेवजह घर से निकलने वाले लोगों पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे।

ट्रेन से उतरने वाले मजदूरों के बीच शारीरिक दूरी का खयाल रखा जाएगा। सभी प्रवासी मजदूरों की चिकित्सकीय जांच के लिए चिकित्सा विभाग शिविर लगाएगा। मजदूरों की चिकित्सकीय जांच के बाद ही उन्हें होम क्वारंटाइन के लिए निर्धारित गाड़ियों से भेजा जाएगा। एसडीपीओ मंडल ने बताया कि सोमवार को दिन भर सरिया बाजार में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल के जवान मुस्तैद रहेंगे। लोगों से घरों के अंदर ही रहने की अपील की है। बताया कि मुंबई से हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 7315 सोमवार सुबह 9 बजे आने की विभागीय सूचना है। उक्त ट्रेन से लगभग 1400 प्रवासी मजदूर अपने घर वापस लौट रहे हैं, जिनमें गिरिडीह के अलावा हजारीबाग, रामगढ़, रांची, खूंटी, देवघर, दुमका, पलामू, पश्चिम सिंहभूम, चतरा, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, साहेबगंज, गढ़वा आदि जिलों के मजदूर शामिल हैं। इसे लेकर सभी संबंधित जिलों को सूचना दे दी गई है। सभी जिलों से देर शाम तक सरिया हाई स्कूल स्टेडियम में लगभग 100 बस प्रवासी मजदूरों को ले जाने के लिए पहुंचेंगी। प्रवासी मजदूरों के लिए जिला प्रशासन ने सूखा नाश्ता के पैकेट एवं पानी की व्यवस्था स्टेशन परिसर में की है। इससे जुड़ी सभी तैयारियां प्रशासनिक स्तर से की जा रही है। बैठक में बिरनी बीडीओ संतोष गुप्ता, सीओ संदीप कुमार मधेसिया, बगोदर बीडीओ, अंचलाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी बच्चा सिंह, डॉ विनय कुमार, डॉ. ताजुद्दीन, डॉ. अनूप कुमार,अंचल पुलिस निरीक्षक आरएन चौधरी, बगोदर थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह, बीपीओ कॉलेश्वर प्रसाद, सरिया बीपीओ अक्षय कुमार प्रभाकर, सीओ सुनीता कुमारी आदि थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *