Sunday, June 21, 2026
झारखंडन्यूज़

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर झंडा मैदान में सामूहिक योगाभ्यास, निरोग जीवन का लिया संकल्प

गिरिडीह : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला प्रशासन की ओर से झंडा मैदान में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रही। कार्यक्रम में जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार तथा उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, भुजंगासन, वज्रासन, कपालभाति तथा अनुलोम-विलोम सहित कई योग क्रियाएं कराई गईं।

योगाभ्यास करते डीसी एसपी और जिला के अन्य पदाधिकारीगण।

इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग की उपयोगिता और बढ़ गई है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से संतुलित और सामाजिक रूप से जागरूक बनाता है।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का सबसे सरल, प्रभावी और सुलभ माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता बढ़ने के साथ-साथ तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं से भी राहत मिलती है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान योग के स्वास्थ्य लाभों और जीवनशैली पर इसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

झंडा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, युवा वर्ग तथा आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *