वरिष्ठ पत्रकार श्रीनिवास लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से होंगे सम्मानित
रांची प्रेस क्लब और आरबीएस वैदिक ट्रस्ट ने की झारखंड जर्नलिज्म अवार्ड की घोषणा
रांची : रांची प्रेस क्लब और आरबीएस वैदिक ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 24 अक्टूबर को झारखंड जर्नलिज्म अवार्ड 2025 की घोषणा गई। प्रभात खबर से सेवानिवृत्त वरिष्ठ पत्रकार श्रीनिवास को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड और 51 हजार रुपये नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। रांची प्रेस क्लब ने यह जानकारी एक पत्र जारी कर दी।

बेस्ट रिपोर्टिंग (प्रिंट) के लिए प्रभात खबर से सेवानिवृत्त वरिष्ठ पत्रकार शकील अख़्तर, बेस्ट रिपोर्टिंग (इलेक्ट्रॉनिक) के लिए समाचार वाला के राजकुमार सिंह, बेस्ट फ़ोटोग्राफ़ी (प्रिंट) के लिए दैनिक भास्कर के वरिष्ठ फ़ोटो जर्नलिस्ट माणिक बोस और बेस्ट वीडियो जर्नलिस्ट (इलेक्ट्रॉनिक) के लिए आजतक के वरिष्ठ वीडियो जर्नलिस्ट राकेश तिवारी को 25000-25000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

यह पुरस्कार दो नवंबर 2025 को लालपुर के होटल रेन ड्यू में आयोजित सम्मान समारोह में दिया जाएगा। सम्मान बतौर मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश जी के हाथों प्रदान किया जाएगा।

24 अक्टूबर को पुरस्कार समिति की जूरी ने विजेताओं के नाम के चयन के साथ इसकी घोषणा की। जूरी में वरिष्ठ पत्रकार सह पूर्व सूचना आयुक्त बैजनाथ मिश्र, रिटायर्ड आईएएस रणेंद्र, रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो अजीत सिन्हा, रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र सोरेन और आरबीएस वैदिक ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी नित्यानंद शुक्ला शामिल थे।
दो पुस्तकों का होगा विमोचन
समारोह में दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ सह वरिष्ठ पत्रकार अमरेंद्र कुमार के उपन्यास ‘नीले आकाश का सच’ और राष्ट्रीय नवीन मेल के संपादक सह वरिष्ठ पत्रकार सुनील सिंह बादल की ‘पुस्तक आर्ट ऑफ इंटरव्यू’ का विमोचन किया जाएगा।

