Wednesday, October 21, 2026
न्यूज़

कला संगम गीत-संगीत व रंगमंच की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध : दीपक

सारेगामा गीत प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में गीत-संगीत की धूम

अतिथि गायन प्रस्तुत करती कुमारी सृष्टि।

गिरिडीह : कला संगम के तत्वावधान में शनिवार को बरनवाल सेवा सदन में स्व. नन्द किशोर प्रसाद स्मृति सारेगामा सीजन-11 गीत प्रतियोगिता का सेमीफाइनल हुआ। प्रतियोगिता की शुरुआत मुख्य अतिथि झारखंड होमगार्ड के पुलिस उप महानिरीक्षक दीपक कुमार सिन्हा, रांची के पत्रकार अरविंद कुमार, संरक्षक श्रेयांस जैन, सचिव सतीश कुंदन व उपाध्यक्ष अंजनी सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की। मुख्य अतिथि श्री सिन्हा ने कहा कि कला संगम का नाम पूरे देश में कला संस्कृति को संरक्षित करने के लिए लिया जाता है। मैं कला संगम से बचपन से ही जुड़ा हुआ हूं। कला संगम न सिर्फ गीत-संगीत बल्कि रंगमंच की समृद्धि के लिए भी प्रतिबद्ध है। सतीश कुंदन के निर्देशन में नाटक किया हूं। नाटक हमें अनुशासन सिखाता है। संरक्षक श्रेयांस जैन ने कहा कि कला की समृद्धि के लिए हरसंभव सहयोग किया जाता रहेगा। सह सचिव राजेश सिन्हा, पत्रकार अरविंद कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इसके पहले कुमारी सृष्टि ने ‘ए मेरे वतन के लोगों’ गीत गाकर श्रोताओं की आंखें नम कर दी।

प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित श्रोतागण।

प्रतियोगिता में 20 जूनियर और 10 सीनियर प्रतिभागियों ने भाग लिया। फाइनल रविवार को होगा। निर्णायक संगीतज्ञ राजीव रंजन, ऑरित चंद्रा, रविशंकर सिंह व नयनदीप सिन्हा थे। मंच पर ऑर्गन पर दयाशंकर सिंह, ढोलक पर चंदन दा, पैड पर अशोक और गिटार पर दिनेश ने संगत किया। मंच संचालन मनोज कुमार मुन्ना ने किया। मौके पर उपाध्यक्ष सह सचिव मदन मंजर्वे, मीडिया प्रभारी सुनील मंथन शर्मा, नीलम सिन्हा, विपिन कुमार सहित दर्जनों श्रोतागण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *