Sunday, July 26, 2026
न्यूज़

बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री के खिलाफ चतरो में धरना-प्रदर्शन

यदि जबरदस्ती पानी लाने का काम किया गया तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा : रणजीत राय

गिरिडीह : सदर प्रखंड गिरिडीह के चतरो में रविवार को बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री के खिलाफ गादी श्रीरामपुर, मोहनपुर, गंगापुर, झलकडीहा, महुवाटांड, चतरो, मंझलाडीह, तुरुकडीहा हरसिंगरायडीह के ग्रामीणों ने एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं हल्ला बोल आंदोलन किया। ग्रामीणों ने यह धरना-प्रदर्शन चतरो स्थित बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री द्वारा नियम विरुद्ध, बलपूर्वक उसरी नदी से पाइपलाइन बिछाकर पानी लाने के विरोध में किया गया। प्रदर्शन में मुख्य रूप से गिरिडीह भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रणजीत राय, माले नेता राजेश सिन्हा, हसनैन अली, मुखिया प्रतिनिधि सुनील सिंह, पंचायत समिति सदस्य शुभांकर कुमार, चन्दर वर्मा, विजय विशाल राय, विकाश राय आदि उपस्थित थे। प्रदर्शन के दौरान उसरी नदी का अस्तित्व नहीं मिटने देंगे, वॉटर फॉल को बर्बाद नहीं होने देंगे, जैसे नारे लगाए गए।

धरना को संबोधित करते भाजपा गिरिडीह महानगर अध्यक्ष रणजीत राय

भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रणजीत राय ने धरना को संबोधित करते हुए कहा कि उसरी नदी किसी की निजी जागीर नहीं है। फैक्ट्री को पानी मिलेगा तो नदी का अस्तित्व मिट जाएगा। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में पाइपलाइन बिछाने का जो काम किया गया है, वह गलत है। हम सभी इसका विरोध करते हैं। प्रदूषण से लोग परेशान हैं। यदि जबरदस्ती पानी लाने का काम किया गया तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
माले नेता राजेश सिन्हा ने सभी को एकजुट होने का आह्वान किया और कहा कि किसी भी कीमत पर पानी नहीं लाने दिया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में एकजुटता पर दिया गया बल।

चंदर वर्मा ने कहा कि एकजुटता बनाए रखना है। एकजुटता में बहुत बल है और इसी बल पर प्रदूषण और अन्य गैर कानूनी कार्यों को रोका जाएगा।
शुभांकर कुमार ने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ और उसरी नदी को बचाने के लिए हमलोग दो साल से आंदोलन कर रहे हैं। हमलोगों की आवाज को कुचलने का काम किया जा रहा है, लेकिन अब हमलोग राज्यपाल के नाम आवेदन पूर्वी क्षेत्र के ग्रामीणों से हस्ताक्षर करवाकर देंगे। साथ ही अब पीआईएल भी करेंगे। पूजा मुर्मू ने कहा कि किसी भी कीमत पर पानी नहीं लेने देंगे। उसरी नदी को बचाने के लिए जान भी देना पड़े तो जान भी दे देंगे।
झामुमो के हसनैन अली ने कहा कि अब फैक्ट्री प्रबंधन जबरदस्ती पर उतर आया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उसरी नदी से पानी नहीं लेने दिया जाएगा और प्रदूषण को नियंत्रित नहीं किया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन को विजय विशाल राय, पंचायत समिति सदस्य अनिल राय, उप मुखिया रंजीत राय ने भी संबोधित किया। मौके पर उमेश राणा, संजय राणा, गुड्डू शर्मा, राजेश राजू, आजाद आलम, बबलू चंद्रवंशी, अरुण साव, अजय तुरी, सविनाथ राय, अनुज राय, राहुल ठाकुर, अंकित साव, कुंदन गुप्ता, अजय टुडू, शिंकु मरांडी, प्रकाश टुडू, सूदन कोल, मोहन कोल, प्रदीप राय, भरत राय, धनेश्वर मल्लाह,गौतम राणा,धनेश्वर राय मिस्त्री,हेमंती देवी, रूपा देवी,रूबी देवी, लिलमुणि देवी,विवेक राय,रंजन राय,मुरारी राय,भोला राय,दुर्गा राय सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *