Friday, July 31, 2026
न्यूज़

बालमुकुंद फैक्ट्री के खिलाफ पूर्वांचल में जनसंपर्क अभियान तेज, 2 अगस्त को बनेगी मानव श्रृंखला

— एक अगस्त की शाम निकाला जाएगा मशाल जुलूस, उसरी नदी से पानी लेने की योजना का ग्रामीणों ने किया विरोध

गिरिडीह : उसरी नदी के गंगापुर घाट से बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री तक पाइपलाइन के माध्यम से पानी ले जाने की योजना तथा फैक्ट्री से फैल रहे कथित प्रदूषण के विरोध में पूर्वांचल क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। अभियान के तहत चतरो, गंगापुर, बड़कीटांड़, मोहनपुर, झलकडीहा, गादी श्रीरामपुर, मंझलाडीह, तुरुकडीहा, विश्वासडीह, पूर्णानगर, अजीडीह, हरसिंगरायडीह, भोरंडीहा, उदनाबाद, कोयमारा सहित कई गांवों में लोगों से संपर्क कर दो अगस्त को प्रस्तावित मानव श्रृंखला और एक अगस्त की शाम आयोजित होने वाले मशाल जुलूस में शामिल होने की अपील की गई।

मोहनपुर अंबाडीह में जनसंपर्क में बोलते भाजपा गिरिडीह महानगर अध्यक्ष रणजीत राय।

जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन होश में आओ”, “जिला प्रशासन होश में आओ” और “उसरी नदी को बचाना है” जैसे नारे लगाए।

शाहटोला में फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ गरजी पूजा मुर्मू।

अभियान का नेतृत्व कर रहे गादी श्रीरामपुर के पंचायत समिति सदस्य शुभांकर कुमार, भाजपा महानगर अध्यक्ष रणजीत राय, माले नेता राजेश सिन्हा, कन्हाई पांडेय, चंदर वर्मा एवं विजय विशाल राय ने बताया कि एक अगस्त की शाम गंगापुर से मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद दो अगस्त को सुबह आठ बजे गंगापुर से वनांचल कॉलेज, हरसिंगरायडीह तक मानव श्रृंखला बनाकर बालमुकुंद स्पंज आयरन फैक्ट्री की कार्यप्रणाली और जिला प्रशासन के रवैये के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।

जनसंपर्क, चंदर वर्मा ने भी सम्भाल रखा है मोर्चा।

आंदोलनकारियों का कहना है कि पूर्वांचल क्षेत्र पहले से ही प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में उसरी नदी से फैक्ट्री के लिए पानी ले जाने की अनुमति मिलने पर नदी के जलस्तर के साथ-साथ प्रसिद्ध उसरी जलप्रपात के अस्तित्व पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। उनका दावा है कि भविष्य में क्षेत्र के लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष वर्तमान ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के जल और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए है तथा किसी भी कीमत पर फैक्ट्री को उसरी नदी से पानी नहीं लेने दिया जाएगा।

हर लोगों में दिख रहा आक्रोश।

आंदोलन में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता शामिल

उसरी बचाओ अभियान को विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है। अभियान में भाजपा के पूर्व विधायक निर्भय शहाबादी, कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, भाजपा महानगर अध्यक्ष रणजीत राय, माले नेता राजेश सिन्हा, कम्युनिस्ट नेता कन्हाई पांडेय, जेकेएलएम के केंद्रीय संयुक्त महासचिव नागेंद्र चंद्रवंशी, झामुमो नेता हसनैन अली, कांग्रेस नेता समीरराज चौधरी, उप प्रमुख सौरभ त्रिवेदी, गादी श्रीरामपुर के मुखिया प्रतिनिधि सुनील सिंह, पंचायत समिति सदस्य शुभांकर कुमार, रंजीत राय सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्वांचल के विभिन्न गांवों के ग्रामीण सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *