जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विकास मंच ने डॉ छोटू प्रसाद चंद्रप्रभ को किया सम्मानित
गिरिडीह : जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विकास मंच तथा सत् प्रकाशन, रांची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘झारखंड के प्रमुख संत’ विषयक निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को रांची के सत्य भारती सभागार में रविवार को पुरस्कृत किया गया।
गिरिडीह के डॉ. छोटू प्रसाद चंद्रप्रभ को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5100 रुपए तथा पांकी के पत्रकार पंकज प्रसून को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3100 रुपए, प्रशस्ति पत्र एवं शिल्ड प्रदान किया गया।
पुरस्कार मुख्य अतिथि झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि परीक्षा नियंत्रक डॉ. दिलीप कुमार साहू ने प्रदान किया।
गिरिडीह के डॉ छोटू प्रसाद चंद्रप्रभ लिख चुके हैं नौ किताब
गिरिडीह के साहित्यकार डॉ. छोटू प्रसाद चंद्रप्रभ ने अब तक नौ पुस्तकों की रचना की है, जिसका प्रकाशन देश के कई प्रकाशन संस्थानों ने किया है।
उनकी प्रमुख कृतियों में शाक्यमुनि (प्रबंध काव्य), यही है ज़िंदगी (कहानी संकलन), उपन्यास चंद्र के विविध चेहरे, आखिर क्यों ?, बद्रीनारायण की सुहागरात, और प्रेम न बाड़ी ऊपजै, जिंदगी फिर से लिखने का मन, अंतर्यात्रा एवं अन्तर्वेदना शामिल है।
उनकी साहित्यिक सेवाओं के लिए उन्हें कई सम्मान प्राप्त हुए हैं, जिनमें प्रभात खबर द्वारा साहित्य में बेस्ट अचीवमेंट अवार्ड और अग्रणी रचनाकार सम्मान प्रमुख हैं।
सम्मेलन में झारखंडी भाषाओं के विकास और संवर्धन पर दिया गया जोर

पुरस्कार और सम्मान समारोह के पहले जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विकास मंच का प्रथम सम्मेलन हुआ। सम्मेलन में झारखंडी भाषाओं के प्रतिष्ठित विद्वानों में बासिल किड़ो, डॉ. मनसिद्ध बदायउद, डॉ. के.सी. टुडू, सोनू हेस्सा, डॉ. नारायण उरांव, डॉ. करम चंद्र अहीर तथा डॉ. एच.एन. सिंह उपस्थित थे।
सम्मेलन में वक्ताओं ने झारखंडी भाषाओं के विकास और संवर्धन पर जोर दिया तथा विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में झारखंडी भाषाओं के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता बताई।
मंच के सचिव सुकेशी कर्मकार और विकी मिंज ने कहा कि झारखंडी भाषाओं के विद्वानों को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया जाना चाहिए, जिससे इन भाषाओं के संरक्षण और विकास को नई गति मिल सके।
सम्मेलन में सत्यनारायण मुंडा, बुद्धराम, नीरज, रवि कुमार, जगतपाल, डॉ संजय कुमार, रीता, प्रियंका, नीलोफर, सोनी, शिवशंकर, अरुण, संदीप, उत्तम कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।
